एमपीयूडीसी की योजनाएँ तय समय पर पूर्ण हों, इसके लिये मासिक प्लॉन बने

Inner-Bhopal070625074852

एमडी श्री संकेत भोंडवे ने समीक्षा बैठक में दिये निर्देश

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत संचालित मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी (एमपीयूडीसी) की भोपाल में शनिवार को हुई बैठक में एमडी श्री संकेत भोंडवे ने निर्देश दिये हैं कि कम्पनी के योजना कार्य तय समय-सीमा में पूरे किये जायें। उन्होंने अधिकारियों से मासिक आधार पर माइक्रो प्लॉन तैयार किये जाने के लिये भी कहा। एमडी श्री भोंडवे ने भुगतान प्रक्रिया को समय पर सुनिश्चित करने और वित्तीय सुरक्षा के लिये डिजिटल प्लेटफार्म के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। एमडी ने कहा कि मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाया जाये।

कांट्रेक्टर के साथ नियमित बैठक करें

एमडी श्री भोंडवे ने योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के लिये कांट्रेक्टर के साथ नियमित बैठक किये जाने के लिये भी कहा। उन्होंने कहा कि एमपीयूडीसी का कार्य नगरीय क्षेत्र में अधोसंरचना कार्य से जुड़ा है। इसलिए जरूरी है कि सभी योजनाएँ तय समय पर पूरी हों। उन्होंने सतना के चित्रकूट में अधोसंरचना विकास के लिये तैयार किये जा रही इंटीग्रेटेड अर्बन डेवलपमेंट प्लॉन की प्रस्तुति को देखा। एमडी ने बॉयो गैस प्लांट की स्थापना और हरित क्षेत्र (ग्रीनरी) के लिये उपयुक्त स्थान चिन्हित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चित्रकूट की तरह प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन नगरों में इंटीग्रेटेड अर्बन डेवलपमेंट प्लॉन तैयार किये जायें। बैठक में नर्मदा नदी के संरक्षण के लिये नदी के निकट के शहरों में अपशिष्ट प्रबंधन की तैयार की गयी प्रारंभिक योजना पर चर्चा की गयी। एमडी श्री भोंडवे ने नगरीय निकायों के लिये प्रस्तावित समूह सौर ऊर्जा तथा भूमि आधारित सौर संयंत्रों की आधुनिक तकनीक और अनुमानित लागत के संबंध में ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री अमनवीर सिंह बैस से भी चर्चा की।बैठक में विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *