घने कोहरे के कारण फ्लाइट संचालन प्रभावित, एएआई और इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी

airport-cold

उत्तर भारत में घने कोहरे के चलते हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने रविवार को एक एडवाइजरी जारी करते हुए फ्लाइट ऑपरेशन में देरी और बदलाव की चेतावनी दी है। एएआई के अनुसार, कम दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण कई एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है।

एएआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में कहा कि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है। इसके चलते चुनिंदा एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन में देरी या समय-सारिणी में बदलाव संभव है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी एयरलाइंस के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से समय-समय पर जांचते रहें और एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

एएआई ने यह भी बताया कि प्रभावित एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैसेंजर सहायता टीमें तैनात की गई हैं। इन टीमों का उद्देश्य यात्रियों को ऑन-ग्राउंड सपोर्ट उपलब्ध कराना और किसी भी असुविधा को कम करना है। एएआई ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसी बीच, देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने भी कम विजिबिलिटी के कारण प्रभावित फ्लाइट शेड्यूल को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में बताया कि बेंगलुरु और अमृतसर में कोहरे और कम दृश्यता के चलते उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है। एयरलाइन ने कहा कि वह मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट लेते रहें। एयरलाइन ने यह भी आश्वासन दिया कि उसकी टीमें हर कदम पर यात्रियों की सहायता के लिए उपलब्ध हैं। साथ ही, एयरलाइन ने यात्रियों के धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।

उधर, इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) ने उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, कोहरे के कारण दृश्यता में भारी कमी आई है और वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ के बड़े हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed