नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा पर उच्चस्तरीय बैठक, अमित शाह ने दिए सख्त निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा समेत शीर्ष सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति स्थापित करने और आतंकवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि आतंकवाद के प्रति सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है और समन्वित अभियानों के चलते क्षेत्र में आतंकवाद का पूरा नेटवर्क कमजोर हो चुका है।
अमित शाह ने सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आतंकियों के ढांचे और उनकी फंडिंग को निशाना बनाकर अभियान मिशन मोड में जारी रखा जाना चाहिए। उन्होंने सभी एजेंसियों को आपसी तालमेल और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि अनुच्छेद 370 हटने के बाद मिली सुरक्षा उपलब्धियों को मजबूत किया जा सके।
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य ‘आतंक-मुक्त जम्मू-कश्मीर’ है और इसे जल्द हासिल करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
