मध्यप्रदेश को मिल रही है नई सौगात

TN5-Bhopal281025082633

पीएम श्री पर्यटन हेलीकाप्टर सेवा पर्यटकों और श्रद्धालुओं को करवाएगी सैर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेश को पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा की महत्वपूर्ण सौगात मिल रही है। एक नवम्बर को भोपाल से उज्जैन हेलीकाप्टर रवाना होगा। यह सांकेतिक शुरूआत होगी और नवम्बर माह में ही नियमित रूप से पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए हेलीकाप्टर सेवा संचालित होगी। इस सेवा की विशेषता यह है कि मध्यप्रदेश पर्यटन के माध्यम से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को रहवास और स्थानीय ट्रांसपोर्ट की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। मध्यप्रदेश में तीन विभिन्न क्षेत्रों के लिए हेलीकाप्टर सेवा संचालित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के 9वें एयरपोर्ट उज्जैन के लिए एक नवम्बर को अनुबंध से संबंधित कार्यवाही पूर्ण की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार की शाम समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि तीन क्षेत्रों में प्रथम क्षेत्र भोपाल से उज्जैन, इंदौर, मांडव और ओंकारेश्वर रहेगा। दूसरा क्षेत्र नर्मदापुरम जिले में स्थित हिल स्टेशन पचमढ़ी के साथ ही छिंदवाड़ा जिले के तामिया और छतरपुर जिले में स्थित विश्व धरोहर स्थल खजुराहो होगा। तीसरी हेलीकाप्टर सेवा जबलपुर और कान्हा, पेंच और पन्ना राष्ट्रीय उद्यानों तक पर्यटकों के पहुंचने के लिए संचालित होगी। नवम्बर माह में ही नियमित रूप से तीनों हेलीकाप्टर सेवाएं संचालित की जाएंगी।

सम्राट विक्रमादित्य नाटक स्थापना दिवस कार्यक्रमों का प्रमुख आकर्षण

भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर 2 एवं 3 नवम्बर की शाम सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन होगा। एक नवम्बर को उद्योग विभाग की ओर से निवेश संबंधी 2 वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी एवं ऐप “वॉश ऑन व्हील्स” लांच किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed