रायपुर : जशपुर जम्बुरी में पर्यटकों के लिए गांव केरे में 8 होम स्टे की सुविधा, स्थानीय संस्कृति और आतिथ्य का अनोखा अनुभव

1762501424_f5f2b7d1132c5c3135d4

जशपुर जिले में चल रहे जशपुर जम्बुरी आयोजन के दौरान पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य का सजीव अनुभव देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से ग्राम केरे में 8 आधुनिक होम स्टे की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन होम स्टे में पर्यटक न केवल ठहरने का आनंद ले रहे हैं, बल्कि जशपुर की पारंपरिक जीवनशैली, खानपान और लोकसंस्कृति को भी करीब से महसूस कर रहे हैं।
भिलाई से आए वरिष्ठ नागरिकों का एक परिवार भी इन होम स्टे में ठहरा हुआ है। उन्होंने बताया कि यहां का वातावरण अत्यंत शांत और आत्मीय है, भोजन स्वादिष्ट है और स्थानीय लोगों का व्यवहार अतिथि देवो भव: की भावना को साकार करता है। उन्होंने कहा कि जशपुर जम्बुरी में यह पहल वास्तव में प्रशंसनीय है, जिसने हमारे प्रवास को यादगार बना दिया

प्रशासन द्वारा तैयार किए गए इन होम स्टे में सभी आवश्यक सुविधाएं जैसे स्वच्छ कमरे, भोजन, नाश्ता और स्थानीय गाइड की व्यवस्था उपलब्ध है। इससे जशपुर आने वाले पर्यटकों को होटल जैसी सुविधा के साथ ग्रामीण परिवेश का सजीव अनुभव मिल रहा है।
“होम स्टे” पर्यटन की वह अवधारणा है, जिसमें पर्यटक स्थानीय परिवार के साथ रहकर उनकी संस्कृति, परंपराओं और भोजन का अनुभव कर सकते हैं। यह पहल न केवल स्थानीय लोगों की आमदनी बढ़ाने में सहायक है, बल्कि ग्रामीण पर्यटन को भी नई पहचान दे रही है।
जशपुर जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन द्वारा इस तरह के अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिले की प्राकृतिक सुंदरता, पारंपरिक कला-संस्कृति और आतिथ्य को देशभर के पर्यटकों तक पहुँचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *