रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री ने निर्माणाधीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय तेलगरा का किया निरीक्षण

1749560898_8f0d4123c4e3a88549e5

अब चारामा व भानुप्रतापपुर में मिलेगी स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं

जिला कांकेर के सभी कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के दिए निर्देश

प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा एवं बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज कांकेर जिले के प्रवास के दौरान चारामा स्वास्थ केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्त्री रोग विशेषज्ञ को चारामा और भानुप्रतापपुर में तीन-तीन दिन सेवाएं देने हेतु निर्देशित किया। साथ ही एमओयू के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में सतत् स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के निर्देश भी दिए। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने तेलगरा स्थित निर्माणाधीन श्रीमती इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की तथा विभिन्न भवनों व सुविधाओं का स्थल पर जायजा लिया।

     निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग, प्रशासनिक भवन, लेक्चर हॉल, लाइब्रेरी, इंडोर स्पोर्ट्स फैसिलिटी, बॉयज व गर्ल्स हॉस्टल, मेल एवं फीमेल के इंटर्न आवास, सेंट्रल डाइनिंग व किचन, गेस्ट हाउस, शॉपिंग आर्केड, डायरेक्टर व सुपरिटेंडेंट रेसिडेंस, टाइप डीई और एफ क्वार्टर, खेल मैदान, सबस्टेशन, पंप रूम और एसटीपी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

     श्री जायसवाल ने परिसर में कार्यरत श्रमिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए परिसर में सुनियोजित वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर में छायादार वृक्षारोपण हेतु कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को आवश्यक निर्देश दिए।

    स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 दिसंबर 2026 तक सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिए जाएं। इस दौरान निर्माण एजेंसी ने जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेज 35 एकड़ में फैला हुआ है तथा आगे भविष्य में 45 एकड़ में अस्पताल का निर्माण होगा। 

   इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव श्री अमित कुमार कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, सांसद श्री भोजराज नाग, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, हस्तशिल्प बोर्ड अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत एवं अधिष्ठाता डॉ. खान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश सांडिया, अस्पताल अधीक्षक डॉ. विमलचंद भगत, उपसंचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. महेंद्र सिंह, एसडीएम चारामा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *