अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने यूएसए को 6 विकेट से हराया

आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। गुरुवार को क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने बारिश से प्रभावित मैच में यूएसए को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 6 विकेट से मात दी। भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों के संतुलित प्रदर्शन की बदौलत टीम ने आसान जीत दर्ज की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएसए की टीम 35.2 ओवरों में 107 रन पर सिमट गई। यूएसए की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 1 रन के कुल स्कोर पर अमरिंदर गिल का विकेट गंवा दिया। इसके बाद साहिल गर्ग ने उत्कर्ष श्रीवास्तव के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 28 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि साहिल 16 रन बनाकर आउट हो गए और कुछ ही देर बाद अर्जुन महेश भी 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
यूएसए की टीम 39 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने पांच विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद नितीश सुदिनी और अदनित झांब ने छठे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी कर स्कोर को 69 तक पहुंचाया, लेकिन यह साझेदारी टूटते ही पूरी टीम फिर से बिखर गई। यूएसए की ओर से नितीश सुदिनी ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए, जो उन्होंने 52 गेंदों में 4 चौकों की मदद से बनाए, जबकि अदनित झांब ने 18 रन का योगदान दिया।
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। हेनिल पटेल ने 7 ओवरों में सिर्फ 16 रन देकर 5 विकेट झटके और यूएसए की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसके अलावा आर. अंबरीश, खिलन पटेल, वैभव सूर्यवंशी और दीपेश देवेंद्रन को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआती झटके लगे। 12 रन के स्कोर पर वैभव सूर्यवंशी 2 रन बनाकर आउट हो गए। चार ओवरों में भारत का स्कोर 21 रन पर एक विकेट था, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा।
बारिश के बाद मैच दोबारा शुरू हुआ तो डकवर्थ लुईस नियम के तहत भारत को 37 ओवरों में 96 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। खेल शुरू होते ही भारत ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए। पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर वेदांत त्रिवेदी 2 रन बनाकर आउट हो गए और इसके दो गेंद बाद कप्तान आयुष म्हात्रे भी 19 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 5.2 ओवरों में भारत का स्कोर 25 रन पर तीन विकेट हो चुका था।
इसके बाद अभिज्ञान कुंडू ने विहान मल्होत्रा के साथ मिलकर पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 45 रन की अहम साझेदारी की। विहान मल्होत्रा ने 18 रन का योगदान दिया। अंत में अभिज्ञान कुंडू और कनिष्क चौहान ने पांचवें विकेट के लिए 29 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारत को 17.2 ओवरों में जीत दिला दी। अभिज्ञान कुंडू 41 गेंदों में 1 छक्का और 5 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कनिष्क चौहान ने 10 रन बनाए।
