ईरान से लौटे भारतीय नागरिकों का दिल्ली एयरपोर्ट पर भावुक स्वागत, परिजनों ने ली राहत की सांस

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जब ईरान से लौट रहे भारतीय नागरिकों के स्वागत के लिए उनके परिजन उत्साह और राहत के साथ घंटों इंतज़ार करते नजर आए। बीते कुछ दिनों से ईरान में इंटरनेट बंद होने की खबरों ने भारत में रह रहे परिवारों की चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन अपनों की सुरक्षित वापसी की खबर मिलते ही सभी के चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
एयरपोर्ट पर मौजूद एक परिजन ने बताया कि उनकी मां और मौसी तीर्थयात्रा के लिए ईरान गई थीं। उन्होंने कहा कि पिछले एक हफ्ते से वहां इंटरनेट बंद होने के कारण उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिससे परिवार बेहद परेशान था। अब जब वे सुरक्षित लौट रही हैं तो पूरा परिवार राहत और खुशी महसूस कर रहा है।
एक अन्य परिजन ने बताया कि उनकी मां 7 जनवरी को तीर्थयात्रा के लिए ईरान पहुंची थीं। शुरुआती दो दिनों तक उनसे नियमित बातचीत होती रही, लेकिन 8 जनवरी के बाद अचानक इंटरनेट बंद हो गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया। उन्होंने कहा कि मां ने पहले ही बताया था कि वहां सब कुछ सामान्य है, इसके बावजूद बातचीत न हो पाने से डर बना हुआ था। अब उनके लौटने की खबर से मन को काफी सुकून मिला है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर एक परिवार अपने पिता और बहन को लेने पहुंचा था। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस पूरे मामले में सराहनीय काम किया है और इसके लिए वे आभारी हैं। उन्हें खुशी है कि उनके अपने लोग सुरक्षित वापस आ रहे हैं। कुछ परिजन दिल्ली के रहने वाले हैं, जबकि उनके रिश्तेदार उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से तीर्थयात्रा के लिए ईरान गए थे। उनके अनुसार वहां का माहौल थोड़ा तनावपूर्ण जरूर बताया गया था, लेकिन किसी तरह की बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उनकी भाभी और उनके गांव के आठ लोग भी इसी फ्लाइट से लौट रहे हैं। एयरपोर्ट पर मौजूद एक शख्स ने कहा कि ईरान में व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं और कुछ लोग बेवजह दंगे और अशांति की अफवाहें फैला रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी मां से हुई बातचीत के अनुसार वहां हालात नियंत्रण में थे और ईरानी सरकार स्थिति संभाल रही थी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सरकार और दूतावास की मदद के लिए आभार जताया।
ईरान से लौटे एक भारतीय नागरिक ने कहा कि अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, हालांकि पहले जैसी स्थिति अभी पूरी तरह नहीं है। वहीं एक अन्य यात्री ने बताया कि इंटरनेट और अंतरराष्ट्रीय कॉल बंद होने से डर का माहौल बन गया था, लेकिन बाद में कॉल की सुविधा बहाल हुई और भारतीय दूतावास व सरकार ने हर संभव मदद की, जिसके लिए वे आभारी हैं।
एक और लौटे नागरिक ने कहा कि वे पूरी तरह सुरक्षित थे और उनके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने अपनी तरफ से ही वापस आने का फैसला किया। एक अन्य यात्री के मुताबिक इंटरनेट नियंत्रण के उद्देश्य से बंद किया गया था और कोई असामान्य स्थिति नहीं थी। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां हर देश में कभी-कभी देखने को मिलती हैं, पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और हालात सामान्य थे।
