पीएम मोदी ने की अहमदाबाद फ्लावर शो की सराहना, रचनात्मकता और प्रकृति प्रेम का बताया शानदार उदाहरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद फ्लावर शो की जमकर सराहना करते हुए इसे शहर की जीवंत भावना और प्रकृति के प्रति प्रेम का सुंदर प्रतीक बताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अहमदाबाद फ्लावर शो रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी को एक साथ लाता है और यह देखना बेहद सराहनीय है कि यह प्रदर्शनी हर साल अपने आकार और कल्पनाशीलता में और अधिक भव्य होती जा रही है।
प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के उस पोस्ट पर आई, जिसमें उन्होंने फ्लावर शो से जुड़ी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था कि गुजरात की खुशबू अब पूरी दुनिया में फैल रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा आयोजित 14वें फ्लावर शो में इस वर्ष दो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बने हैं, जो राज्य और शहर दोनों के लिए गर्व की बात है।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि इस बार विश्व का सबसे बड़ा फ्लावर मंडला और सरदार वल्लभभाई पटेल का विश्व का सबसे बड़ा फ्लावर पोर्ट्रेट तैयार किया गया है, जिसके साथ अहमदाबाद फ्लावर शो ने लगातार तीसरे साल वर्ल्ड रिकॉर्ड की हैट्रिक दर्ज की है। इससे पहले वर्ष 2024 में विश्व का सबसे लंबा फ्लावर स्ट्रक्चर और 2025 में विश्व का सबसे बड़ा फ्लावर बुके बनाकर यह आयोजन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुका है।
मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री से मिली प्रेरणा का परिणाम बताते हुए कहा कि अहमदाबाद फ्लावर शो अब वर्ल्ड हेरिटेज सिटी अहमदाबाद को वैश्विक मंच पर एक अलग पहचान दिला रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल फूलों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और आधुनिक भारत की रचनात्मक शक्ति का भव्य उत्सव बन चुका है, जो देश की सकारात्मक छवि को पूरी दुनिया तक पहुंचा रहा है।
