सेल ने दिसंबर में रचा इतिहास, स्टील बिक्री में 37% की जोरदार बढ़ोतरी

sail

सरकार के स्वामित्व वाली ‘महारत्न’ कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने दिसंबर महीने में अब तक की सबसे अधिक इस्पात बिक्री दर्ज कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। कंपनी ने दिसंबर में 21 लाख टन स्टील की बिक्री की, जो दिसंबर 2024 में हुई 15 लाख टन बिक्री से करीब 37 प्रतिशत ज्यादा है।

सोमवार को जारी बयान में सेल ने कहा कि दिसंबर का प्रदर्शन कंपनी के इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ रहा है। इस दौरान विभिन्न उत्पाद श्रेणियों और बिक्री चैनलों में नए रिकॉर्ड बने, वहीं कंपनी की इन्वेंट्री यानी भंडार में भी उल्लेखनीय कमी आई है। सेल के अनुसार, इस शानदार प्रदर्शन के पीछे ग्राहकों तक समय पर और तेजी से डिलीवरी सुनिश्चित करने की रणनीति अहम रही है। साथ ही हाल के महीनों में कंपनी ने अपने ब्रांड निर्माण पर भी विशेष जोर दिया है।

दिसंबर की मजबूत बिक्री के साथ सेल ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपनी तेज रफ्तार बनाए रखी है। अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच कंपनी की कुल स्टील बिक्री 147 लाख टन रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में दर्ज 126 लाख टन के मुकाबले लगभग 17 प्रतिशत अधिक है। यह बढ़त केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रही, बल्कि निर्यात में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेल की मौजूदगी और मजबूत हुई है।

कंपनी का कहना है कि घरेलू और विदेशी दोनों बाजारों में बेहतर प्रदर्शन से यह साफ होता है कि सेल की बाजार स्थिति और सुदृढ़ हुई है। ग्राहक-केंद्रित नीतियों और संचालन में किए गए सुधारों ने इस सफलता में बड़ी भूमिका निभाई है।

सेल के लिए यह लगातार दूसरा महीना है, जब बिक्री में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे पहले नवंबर में कंपनी की बिक्री में 27 प्रतिशत का इजाफा हुआ था। अप्रैल से नवंबर 2025 के बीच सेल ने 12.7 मिलियन टन स्टील की बिक्री की, जो पिछले साल इसी अवधि की 11.1 मिलियन टन से 14 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के अनुसार, घरेलू बिक्री योग्य स्टील पर फोकस, सड़क मार्ग से आपूर्ति और गोदामों से सीधे ग्राहकों तक डिलीवरी जैसे उपायों ने इस तेज बढ़त को संभव बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *