अक्षय कुमार की टीवी पर धमाकेदार वापसी, ‘Wheel of Fortune’ शो को करेंगे होस्ट

बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे पहले भी टीवी शोज को होस्ट कर चुके हैं। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार्स ने छोटे पर्दे पर अपनी मौजूदगी से दर्शकों का दिल जीता है। अब एक बार फिर अक्षय कुमार टीवी पर बतौर होस्ट वापसी करने जा रहे हैं।
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया साल 2026 में टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए एक बड़े इंटरनेशनल प्रोजेक्ट की तैयारी कर रहा है। इसके तहत दुनिया के सबसे मशहूर गेम शोज में शामिल ‘Wheel of Fortune’ को भारतीय दर्शकों के लिए लॉन्च किया जाएगा। इस शो की मेजबानी बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार करेंगे।
हाल ही में शो का एक मजेदार प्रोमो सामने आया है, जिसे अक्षय कुमार ने खुद अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर शेयर किया। प्रोमो के सामने आते ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर खूब चर्चा हो रही है।
अमेरिकी टीवी शो ‘Wheel of Fortune’ को वैश्विक स्तर पर जबरदस्त पहचान हासिल है। यह अमेरिकी टेलीविजन इतिहास के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले एंटरटेनमेंट शोज में से एक माना जाता है। इस शो का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दुनिया के सबसे लोकप्रिय टीवी गेम शो के रूप में दर्ज है। इसके अलावा, यह शो कई एमी अवॉर्ड्स भी अपने नाम कर चुका है।
अब भारतीय संस्करण में अक्षय कुमार की होस्टिंग से दर्शकों को मनोरंजन का नया अनुभव मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यह शो टीवी के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों को खूब पसंद आएगा।
