अंडर-19 एशिया कप 2025: फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर दूसरी बार जीता खिताब

अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से करारी शिकस्त देकर दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले पाकिस्तान साल 2012 में भारत के साथ संयुक्त विजेता रहा था। यह रोमांचक मुकाबला रविवार को आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेला गया।
मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम इंडिया पर भारी पड़ गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 347 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और टीम ने 31 रन पर हमजा जहूर (18) का विकेट गंवा दिया।
इसके बाद समीर मिन्हास और उस्मान खान ने दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी कर टीम को 123 रन तक पहुंचाया। उस्मान खान 35 रन बनाकर आउट हुए। समीर मिन्हास ने आगे अहमद हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 125 गेंदों में 137 रन जोड़ते हुए पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
अहमद हुसैन ने 72 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि समीर मिन्हास ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 113 गेंदों में 9 छक्कों और 17 चौकों की मदद से 172 रन की ऐतिहासिक पारी खेली।
भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए। हेनिल पटेल और खिलन पटेल को 2-2 विकेट मिले, जबकि कनिष्क चौहान ने एक विकेट हासिल किया।
347 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय अंडर-19 टीम 26.2 ओवर में मात्र 156 रन पर सिमट गई। भारत को पहला झटका कप्तान आयुष म्हात्रे के रूप में 32 रन के स्कोर पर लगा, जो सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से 26 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई। खिलन पटेल ने 19 रन, अभिज्ञान कुंडू ने 13 रन और आरोन जॉर्ज ने 16 रन का योगदान दिया। निचले क्रम में दीपेश देवेंद्रन ने 16 गेंदों में 36 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम इंडिया लक्ष्य के आसपास भी नहीं पहुंच सकी।
इस शानदार जीत के साथ पाकिस्तान ने अंडर-19 एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया।
