बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट: 11 सितंबर को खुलेगा उद्योग और रोज़गार का नया द्वार

1756395485_2038a13ae02fd1163206

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार अब बस्तर को उद्योग और निवेश का नया केंद्र बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आगामी 11 सितंबर 2025 को जगदलपुर में बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट का आयोजन होगा।

यह पहल राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत हो रही है, जिसका मकसद संतुलित क्षेत्रीय विकास, रोज़गार सृजन और स्थानीय समुदायों का सशक्तिकरण है। इससे पहले दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, रायपुर सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टोक्यो, ओसाका और सियोल में इन्वेस्टर कनेक्ट सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। इन आयोजनों से ₹6.65 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

निवेशकों को मिलेगा बड़ा फायदा

  • ₹1000 करोड़ से अधिक निवेश या 1000 से अधिक रोज़गार देने वाली परियोजनाओं को विशेष प्रोत्साहन।
  • औषधि निर्माण, कृषि-खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र उद्योग, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस, डिफेंस और टूरिज़्म जैसे सेक्टर प्राथमिकता पर।
  • बस्तर में पर्यटन परियोजनाओं (होटल, इको-टूरिज़्म, वेलनेस सेंटर, एडवेंचर स्पोर्ट्स, खेल सुविधाएं) पर 45% तक सब्सिडी।
  • एससी/एसटी उद्यमियों और नक्सल प्रभावित परिवारों को 10% अतिरिक्त सब्सिडी।
  • नई औद्योगिक इकाइयों में आत्मसमर्पित नक्सलियों को नौकरी देने पर पाँच साल तक वेतन पर 40% सब्सिडी (अधिकतम ₹5 लाख/वर्ष)।
  • स्टील सेक्टर की इकाइयों को 15 साल तक रॉयल्टी रीइम्बर्समेंट।

बड़ी उम्मीदें

इस आयोजन में देश-विदेश से 200 से अधिक प्रमुख निवेशक और उद्योगपति शामिल होंगे। कई अहम MoU पर हस्ताक्षर की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा –
“हम बस्तर के युवाओं को कौशल और अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। औद्योगिक नीति की हर पहल स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने और समृद्धि को घर-घर तक पहुँचाने के उद्देश्य से बनाई गई है।”

यह आयोजन बस्तर के लिए विकास का नया अध्याय साबित होगा और क्षेत्र को सतत् व समावेशी विकास का प्रतीक बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed