रायपुर : प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने एससी-एसटी संचालनालय का किया औचक निरीक्षण

आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने आज मंत्रालय से इंद्रावती भवन तक पैदल पहुंचकर एससी-एसटी संचालनालय का औचक निरीक्षण किया और विभागीय योजनाओं एवं कार्यों के संबंध में जानकारी ली। श्री बोरा ने अधिकारियों को होलिस्टिक एप्रोच (समग्र दृष्टिकोण) और टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के कार्यों में सहयोग से न केवल कार्यालय में सकारात्मक वातावरण बनेगा, बल्कि विजन 2047 के अनुरूप विकसित भारत के लक्ष्य में विभाग महत्वपूर्ण योगदान दे सकेगा।
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और उत्तरदायित्व को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसे सुनिश्चित करने के लिए विभाग में सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने आधारबेस बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समयावधि में जवाबदेही के साथ अपने कार्य को पूर्ण करें। उन्होंने इस दौरान कलेक्टर कॉन्फ्रेंस अनुपालन प्रतिवेदन, महिला सशक्तिकरण योजनाएं, विजन डॉक्यूमेंट 2047 का प्रेजेंटेशन तथा विभागीय प्रशासनिक प्रतिवेदन की समीक्षा की। साथ ही राज्यपाल के बजट अभिभाषण अंतर्गत योजनाओं और विभागीय बजट व्यय पर भी चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने पीएम जनमन योजना अंतर्गत एमपीसी निर्माण, धरती आबा योजना के तहत छात्रावास-कक्षा भवन निर्माण, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना तथा लंबित न्यायालयीन प्रकरणों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने विभागीय वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करने तथा गतिविधियों, निविदाओं एवं फोटो गैलरी को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
