बॉर्डर 2 रिलीज से पहले चर्चा में,सनी देओल फैन्स के लिए खुशखबरी,

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की अपकमिंग फिल्म बॉर्डर 2 रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं, कभी पोस्टर तो कभी स्टार कास्ट के इंटरव्यू दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं। इसी बीच बॉर्डर 2 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म को सेंसर बोर्ड यानी सीबीएफसी से बिना किसी बड़े कट के मंजूरी मिल गई है।
Bollywood Hungama की रिपोर्ट के अनुसार सेंसर बोर्ड ने फिल्म के किसी भी डायलॉग या एक्शन सीन में कट लगाने के निर्देश नहीं दिए हैं। फिल्म के सभी दमदार एक्शन सीन बिना किसी बदलाव के दर्शकों तक पहुंचेंगे। हालांकि सीबीएफसी ने कुछ तकनीकी और मामूली बदलाव करने को कहा है, जिनका फिल्म की कहानी या प्रभाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
रिपोर्ट में बताया गया है कि सेंसर बोर्ड ने सनी देओल के किरदार फतेह सिंह के क्रेडिट में उनका पूरा और वास्तविक नाम जोड़ने को कहा है। इसके अलावा जहां-जहां युद्ध के दौरान विमानों पर भारतीय झंडा दिखाया गया है, उसे नियमों के अनुरूप संशोधित करने के निर्देश दिए गए हैं। युद्धपोत का नाम बदलकर ‘कवच’ रखा गया है और योद्धाओं से जुड़ी जानकारी दिखाने वाले हिस्से को थोड़ा लंबा करने के साथ उसका फॉन्ट साइज भी बढ़ाया गया है।
फिल्म निर्माताओं की मांग पर सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध दस्तावेजों को सीबीएफसी की जांच समिति के सामने पेश किया गया। इसके साथ ही कंधे पर दिखाए गए एम्ब्लम को लेकर भी क्रॉस चेक करने को कहा गया, जिस पर निर्माताओं ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह सही है और इसे भारतीय सेना तथा मेजर होशियार सिंह दहिया के परिवार से सत्यापित किया जा चुका है। इन सभी औपचारिकताओं के बाद बॉर्डर 2 अब बिना किसी बड़े बदलाव के रिलीज के लिए तैयार है और दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
