बिना एक्सटेंशन गूगल क्रोम को बनाएं सुपरफास्ट, जानिए ये आसान ट्रिक्स

गूगल क्रोम दुनिया का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला वेब ब्राउज़र है। घर पर इंटरनेट सर्फिंग से लेकर ऑफिस के जरूरी कामों तक, अधिकतर लोग क्रोम पर ही निर्भर रहते हैं। आमतौर पर क्रोम को तेज और सुविधाजनक बनाने के लिए एक्सटेंशन इंस्टॉल किए जाते हैं, लेकिन अब बिना किसी एक्सटेंशन के भी आप अपने ब्राउज़िंग अनुभव को बेहतर बना सकते हैं।
गूगल क्रोम में पहले से मौजूद कुछ खास फीचर्स ऐसे हैं, जिनका सही तरीके से इस्तेमाल करने पर आपका काम आसान हो जाएगा और ब्राउज़र पहले से ज्यादा स्मूथ चलेगा।
टैब ग्रुप फीचर से रहें व्यवस्थित
अगर आपको एक साथ कई टैब्स खोलकर काम करना पड़ता है, तो टैब ग्रुप फीचर आपके लिए बेहद फायदेमंद है। आप अलग-अलग टैब्स को कलर-कोडेड ग्रुप में जोड़ सकते हैं, जिससे जरूरत के समय उन्हें पहचानना आसान हो जाता है। इसके लिए किसी भी टैब पर राइट क्लिक करें और ‘Add Tab to Group’ विकल्प चुनें।
टैब सर्च से बचेगा कीमती समय
दर्जनों टैब खुले होने पर किसी एक टैब को ढूंढना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में Ctrl + Shift + A दबाएं। इससे आपके सामने सभी ओपन टैब्स की सूची आ जाएगी, जहां आप कीवर्ड टाइप कर सीधे उस टैब तक पहुंच सकते हैं।
मेमोरी और बैटरी बचाने का स्मार्ट तरीका
क्रोम का मेमोरी सेवर फीचर लंबे समय तक इस्तेमाल न होने वाले टैब्स को अस्थायी रूप से निष्क्रिय कर देता है। इससे टैब दिखती रहती है, लेकिन वह डेटा लोड नहीं करती, जिससे रैम की खपत कम होती है। इस फीचर को चालू करने के लिए Settings में जाकर Performance सेक्शन में Memory Saver को एक्टिवेट करें।
इसी तरह, एनर्जी सेवर मोड को ऑन करने पर बैकग्राउंड एक्टिविटी और विजुअल इफेक्ट सीमित हो जाते हैं, जिससे लैपटॉप या मोबाइल की बैटरी ज्यादा समय तक चलती है।
इन आसान ट्रिक्स की मदद से आप बिना किसी एक्सटेंशन के गूगल क्रोम को ज्यादा तेज, सुरक्षित और उपयोगी बना सकते हैं।
