अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत-पाकिस्तान भिड़ंत, श्रीलंका को हराकर भारत फाइनल में

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला देखने को मिलेगा। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में भारत ने श्रीलंका को जबकि पाकिस्तान ने डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह पक्की कर ली।
भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को आठ विकेट से मात दी। विहान मल्होत्रा और एरॉन जॉर्ज की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम आठ विकेट खोकर 138 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने दो ओवर शेष रहते हुए दो विकेट के नुकसान पर जीत दर्ज की। विहान मल्होत्रा ने 45 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए, जबकि एरॉन जॉर्ज ने 49 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के के साथ नाबाद 58 रन की अहम पारी खेली।
दिन के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को आठ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब भारत और पाकिस्तान की टीमें 21 दिसंबर को अंडर-19 एशिया कप के ब्लॉकबस्टर फाइनल में आमने-सामने होंगी।
