अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ का ऐलान, 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी सस्पेंस से भरी आखिरी कहानी
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म ‘दृश्यम’ के तीसरे सीक्वल का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। मेकर्स ने फिल्म की पहली झलक भी जारी कर दी है, जो सामने आते ही इंटरनेट पर छा गई। एक बार फिर दर्शकों को स्क्रीन पर विजय सलगांवकर, आईजी मीरा देशमुख, नंदिनी सलगांवकर और अंजू सलगांवकर की रहस्यमयी और सस्पेंस से भरी कहानी देखने को मिलेगी।
जारी किए गए वीडियो के अनुसार, यह कहानी का अंतिम पड़ाव होने वाला है। फिल्म ‘दृश्यम 3’ को 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
‘आखिरी हिस्सा अभी बाकी है…’
अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ के अनाउंसमेंट वीडियो में 1 मिनट 13 सेकंड का सस्पेंस से भरपूर टीजर दिखाया गया है। वीडियो में विजय सलगांवकर एक बार फिर अपने परिवार की रक्षा के लिए डटकर खड़े नजर आते हैं। कुछ झलकियों में रहस्य और तनाव साफ दिखाई देता है।
टीजर की खास बात यह है कि इसमें अजय देवगन की दमदार आवाज बैकग्राउंड में सुनाई देती है। वह कहते हैं,
“दुनिया मुझे कई नामों से बुलाती है, लेकिन मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। क्योंकि पिछले 7 सालों में जो कुछ हुआ, उससे मुझे यह समझ आ गया कि इस दुनिया में हर किसी का सच अलग है।”
इसके बाद वह आगे कहते हैं,
“मेरा सच और मेरा सही सिर्फ मेरी फैमिली है। जब तक सब थक नहीं जाते, जब तक सब हार नहीं जाते, मैं यहीं खड़ा हूं चौकीदार बनकर, एक दीवार बनकर। क्योंकि कहानी अभी खत्म नहीं हुई है, आखिरी हिस्सा अभी बाकी है।”
स्टार कास्ट और कहानी
‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के लीड रोल में नजर आएंगे। श्रेया सरन उनकी पत्नी नंदिनी सलगांवकर के किरदार में वापसी कर रही हैं। वहीं, इशिता दत्ता उनकी बेटी अंजू सलगांवकर के रोल में दिखेंगी, जो अब 7 साल बाद बड़ी हो चुकी हैं। तबु फिर से आईजी मीरा देशमुख के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में अभिषेक पाठक, कुमार मंगत और आलोक जैन जैसे अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में होंगे।
‘दृश्यम 3’ की पहली झलक सामने आते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। फैंस इसके पहले दो भागों को काफी पसंद कर चुके हैं। ‘दृश्यम’ का पहला भाग 2015 में रिलीज हुआ था, जबकि दूसरा भाग 2022 में आया था। अब तीसरे और अंतिम भाग को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है।
गौरतलब है कि ‘दृश्यम’ अजय देवगन की यह फिल्म मोहनलाल की मलयालम फिल्म ‘दृश्यम’ का हिंदी रीमेक है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी।
