भूमि पेडनेकर की क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘दलदल’ की रिलीज डेट घोषित, अमेजन प्राइम पर मचाएगी खौफ

भूमि पेडनेकर स्टारर क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘दलदल’ की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। यह सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर 20 जनवरी को स्ट्रीम होगी। रिलीज डेट के साथ ही सीरीज का एक डरावना और सस्पेंस से भरपूर टीजर भी सामने आया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। ‘दलदल’ मशहूर लेखक विष धमिजा की बेस्ट सेलिंग किताब ‘भेंडी बाज़ार’ पर आधारित है और इसे एबंडेंशिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है।
सीरीज को विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेणी ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन अमृत राज गुप्ता ने किया है। कहानी लेखन में सुरेश त्रिवेणी के साथ श्रीकांत अग्निस्वरन, रोहन डिसूजा, प्रिया सग्गी और हुसैन हैदरी शामिल हैं। मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज मुंबई क्राइम ब्रांच की नवनियुक्त डीसीपी रीटा फरेरा की कहानी को दिखाती है, जिसका किरदार भूमि पेडनेकर निभा रही हैं। कहानी में रीटा एक ऐसी पुलिस अधिकारी हैं जो न्याय के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अपने अतीत की एक बड़ी गलती और अंदरूनी डर से जूझ रही हैं।
सीरीज में भूमि पेडनेकर के साथ समारा तिजोरी और आदित्य रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘दलदल’ की कहानी उस वक्त और भयावह मोड़ लेती है, जब डीसीपी रीटा एक बेरहम और विकृत मानसिकता वाले हत्यारे का पीछा करते हुए एक खौफनाक जांच में फंस जाती हैं। जारी किया गया टीजर हिंसा और मानसिक डर की एक ऐसी दुनिया दिखाता है, जो सिर्फ चौंकाता नहीं बल्कि लंबे समय तक असर छोड़ता है। टीजर में दिखाए गए अपराध बेहद निर्मम हैं, जहां पीड़ितों के साथ की गई बर्बरता एक बीमार मानसिकता को उजागर करती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, रीटा खुद को केस की भयावहता, अपने अंदर के संघर्ष और पुलिस सिस्टम के भीतर मौजूद पक्षपात के बीच फंसी पाती हैं।
‘दलदल’ सिर्फ एक साधारण क्राइम थ्रिलर नहीं है, बल्कि यह आघात, नैतिकता और इंसानी मन के अंधेरे पहलुओं की गहरी पड़ताल करती है। यह कहानी केवल यह सवाल नहीं उठाती कि अपराध किसने किया, बल्कि उससे भी ज्यादा डरावना सवाल पूछती है कि आखिर ऐसा क्यों किया गया। प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और हेड ऑफ ओरिजिनल्स निखिल मधोक ने कहा कि ‘दलदल’ पारंपरिक साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर से कहीं आगे जाती है और दर्शकों को किरदारों की भावनात्मक और मानसिक परतों से जोड़ती है।
एबंडेंशिया एंटरटेनमेंट के संस्थापक और सीईओ विक्रम मल्होत्रा ने कहा कि ‘दलदल’ ऐसी कहानी है जो दर्शकों को झकझोरती है और स्क्रीन से हटने के बाद भी लंबे समय तक याद रहती है। वहीं, क्रिएटर और प्रोड्यूसर सुरेश त्रिवेणी के अनुसार, यह सीरीज हिंसा से ज्यादा उसके पीछे छिपी भावनाओं, अपराधबोध और अधूरे जख्मों को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि भूमि पेडनेकर ने डीसीपी रीटा फरेरा के किरदार में अपने करियर का एक बेहद प्रभावशाली और यादगार प्रदर्शन दिया है।
‘दलदल’ के साथ प्राइम वीडियो पर क्राइम और थ्रिलर सीजन की दमदार शुरुआत होने जा रही है। इस सीरीज से दर्शकों को एक ऐसा अनुभव मिलने की उम्मीद है, जो डर, सस्पेंस और भावनात्मक गहराई से भरपूर होगा।
