खान सर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को बताया सकारात्मक कदम

khan-sir

प्रसिद्ध शिक्षक खान सर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को बिहार के लिए एक सकारात्मक और जरूरी पहल बताया है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर देखा जाता है कि सरकारें चुनाव के समय ही सक्रिय दिखाई देती हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद भी यदि सरकार पूरी गंभीरता के साथ योजनाओं की तैयारी कर रही है और लगातार जिलों का दौरा कर रही है, तो यह राज्य के विकास के लिए अच्छी बात है।

खान सर ने कहा कि समृद्धि यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीधे जनता से संवाद करेंगे और उनकी जमीनी समस्याओं को नजदीक से समझने का प्रयास करेंगे। इससे नीतियों और योजनाओं को जमीनी स्तर पर और बेहतर ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी यात्राएं केवल औपचारिक नहीं होनी चाहिए, बल्कि इससे जनता की वास्तविक समस्याओं का समाधान निकलना चाहिए।

उन्होंने नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक अनुभव का भी जिक्र किया और कहा कि मुख्यमंत्री पिछले करीब बीस वर्षों से बिहार का नेतृत्व कर रहे हैं। इतने लंबे समय तक राज्य की बागडोर संभालने के कारण उन्हें बिहार की सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं की गहरी समझ है। खान सर के अनुसार, यही अनुभव समृद्धि यात्रा को और अधिक प्रभावी बना सकता है।

खान सर ने उम्मीद जताई कि इस यात्रा के दौरान जनता की आवाज सीधे सरकार तक पहुंचेगी और इससे बिहार के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह के जनसंवाद को निरंतर बनाए रखा जाए, तो राज्य में सकारात्मक बदलाव तेजी से देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed