2026 में IPO का महाकुंभ, Reliance Jio से Flipkart तक कई दिग्गज कंपनियां उतर सकती हैं बाजार में

ipo
Share this post

साल 2025 में रिकॉर्डतोड़ आईपीओ के बाद अब निवेशकों की नजर पूरी तरह 2026 पर टिक गई है। बाजार में अगले साल को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि Reliance Jio, NSE और Flipkart जैसी दिग्गज कंपनियों के आईपीओ आने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो भारतीय प्राइमरी मार्केट को नई रफ्तार मिल सकती है और निवेशकों के लिए बड़े कमाई के मौके खुल सकते हैं।

शेयर बाजार के जानकारों का मानना है कि 2026 भारतीय आईपीओ बाजार के लिए बेहद अहम साल साबित हो सकता है। 2025 में LG, Meesho और NSDL जैसे बड़े और सफल आईपीओ देखने के बाद अब निवेशक अगले साल आने वाले मेगा इश्यू का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लंबे समय से जिन कंपनियों की लिस्टिंग की चर्चा चल रही है, वे अब हकीकत बनती नजर आ रही हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा मुकेश अंबानी की Reliance Jio के आईपीओ को लेकर है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की हालिया एजीएम में संकेत दिए गए थे कि जियो का आईपीओ 2026 में, संभवतः मई के आसपास आ सकता है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह 2026 का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है। Jio Platforms की वैल्यूएशन काफी ऊंची मानी जा रही है और कंपनी साल की पहली छमाही में बाजार में दस्तक दे सकती है।

इसके अलावा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE का आईपीओ भी निवेशकों के लिए किसी जैकपॉट से कम नहीं माना जा रहा है। NSDL के बाद अब NSE की लिस्टिंग को लेकर उम्मीदें तेज हो गई हैं। यह इश्यू लंबे समय से अटका हुआ है, लेकिन 2026 में इसके आने की संभावना जताई जा रही है। भारत की सबसे बड़ी स्टॉक एक्सचेंज का शेयर बाजार में आना अपने आप में ऐतिहासिक होगा।

ई-कॉमर्स सेक्टर से Flipkart भी 2026 में आईपीओ ला सकता है। कंपनी ने हाल ही में अपने कॉरपोरेट ढांचे में बदलाव किए हैं, जिससे भारत में लिस्टिंग का रास्ता साफ होता दिख रहा है। Flipkart का आईपीओ रिटेल निवेशकों के लिए बड़ा मौका साबित हो सकता है।

डिजिटल पेमेंट्स की दुनिया की दिग्गज कंपनी PhonePe के आईपीओ को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि कंपनी ने सेबी के पास जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए हैं और बड़ा फंड जुटाने की तैयारी में है। वहीं क्विक कॉमर्स सेगमेंट की तेजी से बढ़ती कंपनी Zepto भी आईपीओ की दौड़ में शामिल है।

इसके अलावा होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की कंपनी OYO एक बार फिर अपने आईपीओ को लेकर सुर्खियों में है। माना जा रहा है कि 2026 में OYO बाजार में डेब्यू कर सकती है। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड boAt का नाम भी संभावित आईपीओ की लिस्ट में शामिल है, हालांकि कंपनी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

सरकारी क्षेत्र से भी बड़ा इश्यू देखने को मिल सकता है। देश का सबसे बड़ा बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अपने SBI Mutual Fund का आईपीओ अगले साल ला सकता है, जिसे लेकर निवेशकों में काफी उत्साह है।

कुल मिलाकर 2026 निवेशकों के लिए आईपीओ के लिहाज से बेहद रोमांचक साल हो सकता है, जहां कई बड़े और भरोसेमंद नाम शेयर बाजार में उतरने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *