बजट 2026 से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राष्ट्रपति से की मुलाकात, लाल डिजिटल बही-खाते में पेश किया बजट
केंद्रीय बजट 2026 पेश करने से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक लाल रंग के डिजिटल बही-खाते में बजट दस्तावेज राष्ट्रपति को प्रस्तुत किए। परंपरा के अनुसार संसद में बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री का राष्ट्रपति से मिलना एक स्थापित प्रक्रिया रही है, जिसे इस बार भी निभाया गया। इस वर्ष भी बजट पूरी तरह पेपरलेस रहेगा, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने की थी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्ष 2019 में ब्रिटिश काल से चली आ रही चमड़े की ब्रीफकेस की परंपरा को समाप्त कर भारतीय परंपरा के अनुरूप बही-खाते को अपनाया था। इसके बाद 2021 में उन्होंने बजट दस्तावेज ले जाने के लिए डिजिटल टैबलेट का उपयोग शुरू किया। इस बार का बजट वित्त मंत्री के रूप में उनका लगातार नौवां बजट होगा, जिसे लेकर राजनीतिक और आर्थिक हलकों में खासा उत्साह है।
यह बजट ऐसे समय में पेश किया जा रहा है जब वैश्विक स्तर पर आर्थिक चुनौतियां बनी हुई हैं और कई सेक्टर टैरिफ तथा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से प्रभावित हैं। ऐसे में बजट 2026 में उद्योग, विनिर्माण और निर्यात से जुड़े अहम ऐलानों पर बाजार और उद्योग जगत की खास नजर रहेगी।
संसद में सुबह 11 बजे केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करने के बाद वित्त मंत्री सीतारमण देश के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 30 कॉलेज छात्रों से संवाद भी करेंगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार छात्र लोकसभा की गैलरी से बजट का सीधा प्रसारण देखेंगे, जिससे उन्हें देश की सबसे महत्वपूर्ण संसदीय प्रक्रियाओं में से एक को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
इन छात्रों का चयन वाणिज्य, अर्थशास्त्र, चिकित्सा शिक्षा और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों सहित विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों से किया गया है और वे देश के अलग-अलग राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके साथ ही छात्र कर्तव्य भवन-1 स्थित वित्त मंत्रालय का दौरा करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर मंत्रालय के कामकाज, नीति निर्माण की प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण में संस्थानों की भूमिका को समझेंगे।
