खाचरौद को विकास की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 78.61 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

image-1-1024x683

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सरकार का एकमात्र लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक की समृद्धि और खुशहाली है और यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सरकार समग्र विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को उज्जैन जिले के खाचरौद में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खाचरौद को 78 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से जुड़े 39 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 48 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से पूर्ण 16 कार्यों का लोकार्पण और 30 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत वाले 23 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं खाचरौद के भविष्य को नई दिशा देंगी और क्षेत्र के विकास को मजबूती प्रदान करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 35 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय भवन और 11 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से तैयार नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से युक्त होंगे और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेंगे। कृषि उपज मंडी में किसानों की सुविधा के लिए विश्राम गृह, भोजनालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने खाचरौद में 9 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय, 5 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से जनपद पंचायत भवन और स्वच्छ भारत मिशन 2.0 सहित अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। साथ ही माध्यमिक विद्यालय में 11 स्मार्ट क्लासेस का लोकार्पण कर शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि खाचरौद में फूड प्रोसेसिंग पार्क और खिलाड़ियों के लिए नया स्टेडियम बनाया जाएगा, जिससे किसानों और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि नागदा से खाचरौद, जावरा और उज्जैन को जोड़ने वाला नया फोरलेन हाईवे लगभग 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा।

किसान कल्याण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। सरकार का पूरा फोकस किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने पर रहेगा। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीदी पर किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है और प्रदेश के 32 लाख किसानों को चरणबद्ध तरीके से सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे किसान अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता भी बन सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है और आत्मनिर्भर व विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज, खाचरौद विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बड़ी संख्या में नागरिक और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। खाचरौद में हुए इस कार्यक्रम ने क्षेत्र के विकास को लेकर नई उम्मीदें जगाई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed