कांग्रेस तीन माह तक चलाएगी जन जागरण अभियान, 16 फरवरी को राज्यपाल आवास का घेराव
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश में स्थानीय मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि पार्टी आगामी तीन माह तक विधानसभा स्तर पर जन जागरण अभियान चलाएगी। इस दौरान स्थानीय समस्याओं को लेकर जनता को जागरूक किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी किए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और जनहित से जुड़े कई मुद्दे लगातार नजरअंदाज किए जा रहे हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाकर सरकार की नीतियों का विरोध करेगी। उन्होंने बताया कि आंदोलन की शुरुआत चरणबद्ध तरीके से की जाएगी ताकि हर विधानसभा क्षेत्र में जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जा सके।
गणेश गोदियाल ने यह भी घोषणा की कि 16 फरवरी को कांग्रेस पार्टी राज्यपाल आवास का घेराव करेगी। इस कार्यक्रम के जरिए राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा और राज्यपाल के माध्यम से सरकार तक जनता की मांगें पहुंचाई जाएंगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन सरकार पर दबाव बनाने के लिए इसे व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य है कि प्रदेश की समस्याओं को लेकर जनमत तैयार किया जाए और सरकार को जवाबदेह बनाया जाए।
