दिल्ली-एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवाओं से बढ़ेगी ठंड
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 31 जनवरी और 1 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज सतही हवाओं का असर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड का असर एक बार फिर महसूस किया जा सकता है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 30 जनवरी को एनसीआर के कई इलाकों में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता प्रभावित रहने की संभावना जताई गई है।
31 जनवरी को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। दिन की शुरुआत मध्यम से घने कोहरे के साथ हो सकती है, जबकि शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज सतही हवाएं चलने की आशंका है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड में इजाफा होगा।
1 फरवरी को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी थंडरस्टॉर्म के साथ बारिश की संभावना जताई है। सुबह के समय कोहरा छा सकता है, जबकि शाम और रात में फिर से बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
लगातार चल रही तेज हवाओं और संभावित बारिश के चलते एनसीआर की हवा में भी सुधार देखने को मिला है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहतर हुआ है। दिल्ली के आया नगर और सीआरआरआई मथुरा रोड क्षेत्र में एक्यूआई 188 दर्ज किया गया, जो येलो जोन में आता है और पहले के मुकाबले हवा को ज्यादा सांस लेने लायक माना जा रहा है।
