दिल्ली में आज हल्की बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

MOSAM
Share this post

दिल्ली में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।

शुक्रवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बारिश और ठंड के बीच राजधानी की वायु गुणवत्ता फिलहाल खराब श्रेणी में बनी हुई है।

IMD ने यह भी चेतावनी दी है कि बारिश का यह सिलसिला अगले सप्ताह तक जारी रह सकता है। 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 और 5 फरवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा अगले छह दिनों तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

दिल्ली के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान में भी इसी अवधि के दौरान घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *