इलॉन मस्क बने इतिहास के सबसे अमीर व्यक्ति, नेटवर्थ 850 बिलियन डॉलर के पार

elon-musk
Share this post

दुनिया के सबसे अमीर शख्स इलॉन मस्क ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। उनकी कुल संपत्ति अब 850 बिलियन डॉलर यानी करीब 77 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है। फोर्ब्स के मुताबिक, मस्क अब दुनिया ही नहीं बल्कि इतिहास के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। हैरानी की बात यह है कि सिर्फ एक ही दिन में उनकी नेटवर्थ में 84 बिलियन डॉलर यानी लगभग 7 लाख करोड़ रुपये का इजाफा दर्ज किया गया है, जो अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी बढ़ोतरी मानी जा रही है।

मस्क की संपत्ति में यह जबरदस्त उछाल उनकी रॉकेट निर्माण कंपनी स्पेसएक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप xAI के मर्जर के बाद देखने को मिला है। इस डील के बाद निवेशकों का भरोसा और बाजार में वैल्यूएशन दोनों तेजी से बढ़े, जिसका सीधा असर मस्क की कुल संपत्ति पर पड़ा। टेक्नोलॉजी, स्पेस और एआई सेक्टर में मस्क की आक्रामक रणनीति उन्हें लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो सिर्फ पिछले चार महीनों में इलॉन मस्क की नेटवर्थ में करीब 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर 2025 में उनकी संपत्ति लगभग 500 बिलियन डॉलर के आसपास थी, जो अब 850 बिलियन डॉलर के पार निकल चुकी है। मौजूदा समय में मस्क की कुल संपत्ति पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल जैसे देशों की जीडीपी से भी अधिक हो चुकी है। इतना ही नहीं, यह भारत के टॉप 40 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति से भी ज्यादा बताई जा रही है।

इलॉन मस्क की यह उपलब्धि न सिर्फ उनकी कारोबारी समझ को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि भविष्य की तकनीकों में निवेश किस तरह किसी व्यक्ति को अभूतपूर्व मुकाम तक पहुंचा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *