ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के MoU की ग्राउंडिंग पर सीएम धामी की सख्त नजर, सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक कर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत हुए एमओयू और उनकी ग्राउंडिंग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एमओयू और स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन में यदि किसी भी स्तर पर कोई बाधा आ रही है तो उसका त्वरित, प्रभावी और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों का भरोसा बनाए रखना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत अब तक 1,06,953 करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंडिंग सफलतापूर्वक हो चुकी है। इस उपलब्धि को उत्तराखंड के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रगति इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड में उद्योगों के लिए अनुकूल, पारदर्शी और भरोसेमंद वातावरण विकसित हुआ है, जिससे निवेशकों का राज्य पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को और सशक्त करने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी जनपदों में प्रत्येक माह “उद्योग मित्र समिति” की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि उद्योगों से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान हो सके और उद्योग-अनुकूल निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि औद्योगिक विकास के जरिए राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित करना सरकार का मुख्य लक्ष्य है।
