ईएसआईसी ने सेवाओं में सुधार और विस्तार के लिए कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने अपने कामकाज के दायरे का विस्तार करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है।
नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई बैठक में चालू वित्त वर्ष के लिए संशोधित अनुमान को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दौरान कई राज्यों में भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दी गई। इसमें महाराष्ट्र के औरंगाबाद में 200 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण के लिए 15 एकड़ भूमि और असम में एक नई ईएसआईसी डिस्पेंसरी की स्थापना शामिल है।
इन प्रस्तावों से ईएसआईसी के स्वास्थ्य सेवा नेटवर्क को और अधिक मजबूत करने तथा देशभर में श्रमिक वर्ग को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा।
