फ्यूचरस्किल्स प्राइम कार्यक्रम से 15.78 लाख से अधिक उम्मीदवारों को मिला लाभ

Untitled-1

देश में ‘फ्यूचरस्किल्स प्राइम’ (FutureSkills PRIME) कार्यक्रम के माध्यम से अब तक 15.78 लाख से अधिक उम्मीदवारों को लाभ मिल चुका है। यह कार्यक्रम नई और उभरती प्रौद्योगिकियों में कौशल प्रदान करने, कौशल उन्नयन और कौशल विकास के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।

यह जानकारी केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने हाल ही में लोकसभा में दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार आईटी क्षेत्र, विशेषकर छोटे शहरों और कस्बों में विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि भारत को वैश्विक सॉफ्टवेयर उत्पाद केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके और घरेलू मांग व निर्यात दोनों में वृद्धि हो।

सरकार उभरते आईटी उद्योग की जरूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न क्षमता निर्माण पहलें लागू कर रही है। इन्हीं में से एक प्रमुख पहल है फ्यूचरस्किल्स प्राइम, जिसे नैसकॉम के सहयोग से लागू किया जा रहा है। यह कार्यक्रम उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और करियर आकांक्षाओं के अनुरूप, कहीं भी और कभी भी सीखने की सुविधा के साथ उच्च-स्तरीय डिजिटल कोर्स उपलब्ध कराता है।

फ्यूचरस्किल्स प्राइम के सभी पाठ्यक्रम एक डिजिटल-स्किल प्रशिक्षण प्लेटफॉर्म
https://futureskillsprime.in
पर उपलब्ध हैं। इस प्लेटफॉर्म पर 500 से अधिक पाठ्यक्रम और 2000 से अधिक डिजिटल कौशल मार्ग (लर्निंग पाथ) मौजूद हैं।

अब तक इस कार्यक्रम के विभिन्न पाठ्यक्रमों से 15.78 लाख से अधिक शिक्षार्थी लाभान्वित हुए हैं। इनमें 41% महिला उम्मीदवार और 85% शिक्षार्थी द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के शहरों से हैं, जो डिजिटल शिक्षा के व्यापक प्रसार को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed