सरकारी परिसंपत्तियों की नीलामी में GeM की बड़ी भूमिका, 2,200 करोड़ रुपये से अधिक का निपटान

गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) ने अपने फॉरवर्ड ऑक्शन मॉड्यूल के माध्यम से सरकारी परिसंपत्तियों के निपटान की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाया है। इस मॉड्यूल के जरिए ऑनलाइन बोली प्रक्रिया शुरू की गई, जिससे सरकारी संपत्तियों की नीलामी में पारदर्शिता और दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2021 से नवंबर 2025 के बीच GeM के फॉरवर्ड ऑक्शन मॉड्यूल के माध्यम से 2,200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की सरकारी परिसंपत्तियों का निपटान किया गया। इस अवधि में कुल 13,000 से अधिक नीलामियां आयोजित की गईं।
मंत्रालय के अनुसार, इस मॉड्यूल के तहत 23,000 से अधिक पंजीकृत बोलीदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 17,000 से ज्यादा नीलामीकर्ताओं ने इसमें भागीदारी की।
फॉरवर्ड ऑक्शन मॉड्यूल एक डिजिटल बोली प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से सरकारी विभाग स्क्रैप, ई-कचरा, पुराने वाहन, मशीनरी और लीजहोल्ड संपत्तियों जैसी परिसंपत्तियों को सर्वोच्च बोली लगाने वाले को बेचते हैं। GeM प्लेटफॉर्म के जरिए विभाग आरक्षित मूल्य तय कर सकते हैं, भागीदारी की शर्तें निर्धारित कर सकते हैं और रियल-टाइम बोली प्रक्रिया की निगरानी भी कर सकते हैं।
