सोना और चांदी के दामों में बड़ी गिरावट, खरीदारों को मिली राहत

73168f7f-b404-4187-b10e-c80a9ededbb4

सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए राहत की खबर सामने आई है। गुरुवार को वैश्विक स्तर पर अस्थिरता कम होने के असर से दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के ताजा आंकड़ों के अनुसार चांदी के दाम में 19,386 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट आई है। इसके बाद चांदी की कीमत घटकर 2,99,711 रुपये प्रति किलो रह गई, जबकि इससे पहले यह 3,19,097 रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी।

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली है। 24 कैरेट सोने का भाव 3,099 रुपये घटकर 1,51,128 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो पहले 1,54,227 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं 22 कैरेट सोना 1,41,272 रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर 1,38,433 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। 18 कैरेट सोने की कीमत भी कम होकर 1,15,670 रुपये प्रति 10 ग्राम से 1,13,346 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।

सोने और चांदी की कीमतों में आई इस गिरावट से उन ग्राहकों को राहत मिली है, जो लंबे समय से दाम घटने का इंतजार कर रहे थे। घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में मिलाजुला कारोबार देखा गया। खबर लिखे जाने तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,831 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 93 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रही थी।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार घरेलू बाजार में सोने और चांदी के दामों में आई कमी की मुख्य वजह वैश्विक अनिश्चितता का कम होना है। स्विट्जरलैंड के दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद निवेशकों का रुख कुछ हद तक स्थिर हुआ है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ग्रीनलैंड के मुद्दे को बातचीत से सुलझाने की बात कही है और यूरोपीय देशों पर लगाए जाने वाले टैरिफ को फिलहाल टाल दिया है, जो एक फरवरी से लागू होने वाले थे। इसी वजह से सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने और चांदी की मांग में थोड़ी कमी आई है, जिसका असर कीमतों पर साफ नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed