गुकेश और एरिगेसी कार्लसन के साथ संयुक्त बढ़त पर, रैपिड शतरंज में भारत की दमदार शुरुआत
फिडे विश्व रैपिड चैंपियनशिप के पहले दिन भारतीय शतरंज खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है क्लासिकल विश्व चैंपियन डी गुकेश और युवा ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी ने विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन के साथ संयुक्त बढ़त हासिल कर ली है पहले पांच दौर के बाद ये तीनों खिलाड़ी 4.5 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं जिससे टूर्नामेंट में मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है
मैग्नस कार्लसन दिन की शुरुआत से ही आक्रामक मूड में दिखे और उन्होंने लगातार चार मुकाबले जीतकर अपनी बादशाहत साबित की हालांकि पांचवें दौर में अर्जुन एरिगेसी ने शानदार खेल दिखाते हुए उन्हें ड्रॉ पर रोक दिया और इसी के साथ दोनों खिलाड़ी 4.5 अंकों पर पहुंच गए वहीं डी गुकेश ने पहले दौर में ड्रॉ के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार चार मुकाबले जीत लिए और वह भी संयुक्त लीडर बन गए गुकेश का आत्मविश्वास और तेजी से निर्णय लेने की क्षमता इस फॉर्मेट में उन्हें बेहद खतरनाक बना रही है
इस बीच मौजूदा विश्व रैपिड चैंपियन रूस के 18 वर्षीय वोलोडर मुर्जिन के लिए पहला दिन काफी निराशाजनक रहा वह केवल दो अंक ही जुटा सके और लीडरबोर्ड में काफी पीछे रह गए भारतीय खिलाड़ी आर प्रज्ञानंद की शुरुआत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही उन्होंने पहला मैच जरूर जीता लेकिन उसके बाद दो मुकाबले ड्रॉ रहे और चौथे दौर में उनसे कम रेटिंग वाले लेवान पैंटसुलाइया से उन्हें हार का सामना करना पड़ा
महिला वर्ग में भी भारत की ओर से अच्छी खबर रही मौजूदा चैंपियन कोनेरू हम्पी ने दो जीत और दो ड्रॉ के साथ तीन अंक जुटाए और वह खिताब की दौड़ में बनी हुई हैं वहीं क्लासिकल चेस की महिला विश्व चैंपियन जू वेनजुन ने भी तीन अंकों के साथ पहले दिन का खेल खत्म किया
पहले दिन के बाद टूर्नामेंट पूरी तरह खुला हुआ नजर आ रहा है जहां भारतीय खिलाड़ी न सिर्फ दिग्गज कार्लसन को टक्कर दे रहे हैं बल्कि खिताब के मजबूत दावेदार बनकर उभर रहे हैं आने वाले राउंड में मुकाबले और भी कड़े होने की उम्मीद है क्योंकि हर खिलाड़ी अपनी लय पकड़ने की कोशिश में है
