राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता मजबूत करने के लिए एनएचएआई और नेशनल टेस्ट हाउस में करार
राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और सुरक्षा को नई मजबूती देने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी एनएचएआई ने नेशनल टेस्ट हाउस के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। नेशनल टेस्ट हाउस उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के तहत काम करने वाली एक प्रमुख परीक्षण संस्था है और यह करार नई दिल्ली में किया गया है। इस साझेदारी का मकसद देशभर में बन रहे राष्ट्रीय राजमार्गों की निर्माण गुणवत्ता को और अधिक भरोसेमंद बनाना है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार इस समझौते के तहत हाईवे परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाली निर्माण सामग्री उपकरणों और विभिन्न प्रणालियों की स्वतंत्र और थर्ड पार्टी जांच की जाएगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि सभी काम तय मानकों और तकनीकी नियमों के अनुसार ही पूरे किए जाएं और किसी भी तरह की गुणवत्ता से समझौता न हो।
मंत्रालय ने बताया कि खास तौर पर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण ढांचागत हिस्सों पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा जिसमें सड़क पर लगने वाली लाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। इनकी कार्यक्षमता भरोसेमंद प्रदर्शन और ऊर्जा दक्षता की जांच की जाएगी ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस सहयोग से एनएचएआई की सड़क सुरक्षा और पर्यावरण के अनुकूल विकास से जुड़ी पहलों को भी मजबूती मिलेगी। सरकार का मानना है कि जब हाईवे की गुणवत्ता और सुरक्षा स्तर ऊंचा होगा तो न सिर्फ यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा बल्कि देश का इंफ्रास्ट्रक्चर भी लंबे समय तक टिकाऊ बना रहेगा।
