हरिद्वार में गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना समारोह, सनातन संस्कृति और राष्ट्र चेतना का भव्य उत्सव
हरिद्वार में पूज्य संत–महात्माओं के सानिध्य में आयोजित गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना समारोह आध्यात्मिक चेतना, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपरा के गौरव का भव्य प्रतीक बनकर उभरा। समारोह के दौरान पूरे वातावरण में सनातन संस्कृति के जयघोष गूंजते रहे। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, उसकी जीवन-दृष्टि और शाश्वत परंपराओं का जीवंत उत्सव बन गया।
इस अवसर पर देशभर से पहुंचे साधु-संतों, श्रद्धालुओं और गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सनातन परंपरा केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, मूल्यनिष्ठ और सेवा-भाव से जोड़ने का मार्ग है।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज जी के योगदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने हरिद्वार में भारत माता मंदिर की स्थापना कर राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और सनातन चेतना को एक मजबूत आधार प्रदान किया। स्वामी जी का जीवन आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ समाजसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने आध्यात्मिक ज्ञान को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़कर सनातन परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया, जिससे युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों में सांस्कृतिक चेतना का विस्तार हुआ।
समाधि स्थली पर श्रीविग्रह मूर्ति स्थापना समारोह के अंतर्गत आयोजित संत सम्मेलन में पूज्य साधु-संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प दोहराया गया। वक्ताओं ने कहा कि सशक्त नेतृत्व और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से सनातन की गौरवशाली पताका पूरे देश में नई ऊर्जा और चेतना के साथ फहराई जा रही है।
समारोह में उमड़ी देवतुल्य जनता की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि सनातन संस्कृति आज भी समाज को जोड़ने, राष्ट्र को दिशा देने और भारतीय पहचान को सशक्त करने का कार्य कर रही है।
