भारत और जर्मनी के बीच दूरसंचार सहयोग को नई मजबूती, संयुक्त आशय घोषणा पर हस्ताक्षर

Untitled-1

भारत और जर्मनी ने दूरसंचार और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए दूरसंचार सहयोग पर संयुक्त आशय घोषणा पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ की 12 से 13 जनवरी तक हुई आधिकारिक भारत यात्रा के दौरान संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों के प्रमुख परिणामों में इस समझौते को शामिल किया गया है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है।

संयुक्त आशय घोषणा पर भारत सरकार की ओर से दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल और जर्मनी सरकार की ओर से भारत में जर्मन राजदूत डॉ. फिलिप एकरमैन ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता भारत सरकार के दूरसंचार विभाग और जर्मनी के डिजिटल परिवर्तन एवं सरकारी आधुनिकीकरण के संघीय मंत्रालय के बीच हुआ है।

संचार मंत्रालय के अनुसार, यह घोषणा भारत-जर्मनी संबंधों में पहले से मौजूद मजबूत गति और निरंतर उच्चस्तरीय संवाद पर आधारित है। इसका उद्देश्य दूरसंचार और उभरती डिजिटल तकनीकों में सहयोग के लिए एक व्यवस्थित ढांचा तैयार करना है। इसके तहत नियमित परामर्श, वार्षिक उच्चस्तरीय बैठकें और समर्पित कार्य समूह बनाए जाएंगे, जिनमें सरकार के साथ-साथ उद्योग, शिक्षाविदों और शोध संस्थानों की सक्रिय भागीदारी होगी।

इस समझौते के तहत दोनों देशों ने सूचनाओं और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान, उभरती और भविष्य की तकनीकों में सहयोग, नीति और नियामक ढांचे, दूरसंचार विनिर्माण तथा टेलीकॉम और आईसीटी क्षेत्रों में व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने पर सहमति जताई है। इसके साथ ही भारत और जर्मनी एक विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार करेंगे, जिसमें प्राथमिक क्षेत्रों और लक्ष्यों को स्पष्ट किया जाएगा, ताकि यह दोनों देशों की राष्ट्रीय डिजिटल रणनीतियों के अनुरूप हो।

दोनों देश अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी मिलकर काम करेंगे, ताकि दूरसंचार और डिजिटल विकास से जुड़े मुद्दों पर साझा समझ विकसित की जा सके। मंत्रालय ने कहा कि यह संयुक्त आशय घोषणा भारत-जर्मनी सहयोग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो नवाचार को बढ़ावा देने, उद्योगों के बीच संपर्क मजबूत करने और दोनों देशों में समावेशी तथा सतत डिजिटल परिवर्तन को समर्थन देने में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed