अंडर-19 विश्व कप में भारत की शानदार जीत, बारिश से बाधित मुकाबले में बांग्लादेश को 18 रन से हराया

Untitled-1

आईसीसी पुरुष अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में भारत ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को वर्षा से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ लुईस पद्धति के तहत 18 रनों से शिकस्त दी। जिम्बाब्वे के बुलावेयो में खेले गए इस मैच में बारिश के चलते खेल को 49 ओवरों तक सीमित करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने हर विभाग में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की टीम 48 ओवर और चार गेंद में 238 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से अभिज्ञान कुंडू ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 112 गेंदों पर 80 रनों की अहम पारी खेली, जबकि महज 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 67 गेंदों पर 72 रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। सूर्यवंशी ने इस पारी के साथ युवा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रनों का विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा और अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए। बांग्लादेश की ओर से अल फहद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके।

बारिश के बाद संशोधित लक्ष्य के तहत बांग्लादेश को 29 ओवरों में 165 रन बनाने थे, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी पूरी टीम 28.3 ओवरों में 146 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा, जिसमें विहान मनोज मल्होत्रा ने चार विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है और दो मैचों में चार अंकों के साथ ग्रुप बी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। वहीं बांग्लादेश और अमेरिका की टीमों का खाता अब तक नहीं खुल पाया है, जबकि न्यूजीलैंड आज अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed