टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान, सूर्यकुमार यादव कप्तान, शुभमन गिल बाहर

T20 TEEM

टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है, जिसमें शुभमन गिल को बाहर रखा गया है। बीसीसीआई ने टी20 विश्व कप के साथ-साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भी इसी टीम का ऐलान किया है।

बीसीसीआई के सचिव देवजित सैकिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम की घोषणा की। इस मौके पर भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर भी मौजूद रहे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी यही टीम भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।

चयनकर्ताओं ने लंबे समय से टी20 प्रारूप में कमजोर प्रदर्शन के चलते शुभमन गिल को टीम से बाहर रखने का फैसला किया है। उनकी जगह ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया है और संभावना है कि वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।

दूसरे विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन को टीम में जगह दी गई है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शीर्ष स्कोरर रहने वाले किशन को उनके बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है। यह लंबे समय बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी है।

मध्यक्रम में तिलक वर्मा और रिंकू सिंह को शामिल किया गया है। रिंकू सिंह की लंबे समय बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। ऑलराउंडरों में अक्षर पटेल के अलावा हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया है।

गेंदबाजी विभाग में स्पिन की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव संभालेंगे, जबकि तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को शामिल किया गया है।

टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed