H-1B वीज़ा पर भारतीयों की समस्याओं को लेकर भारत-अमेरिका के बीच लगातार बातचीत

Untitled-1

भारत सरकार अमेरिका में काम कर रहे H-1B वीज़ा धारक भारतीय नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर लगातार अमेरिकी प्रशासन से बातचीत कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि सरकार को बड़ी संख्या में ऐसे भारतीयों से शिकायतें मिली हैं, जिन्हें अमेरिकी वीज़ा अपॉइंटमेंट लेने या दोबारा शेड्यूल कराने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन देरी के कारण लोगों की नौकरियां, परिवार और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।

प्रवक्ता ने बताया कि भारत ने इन मुद्दों को नई दिल्ली और वॉशिंगटन डीसी दोनों जगह अमेरिकी अधिकारियों के सामने मजबूती से उठाया है ताकि भारतीय नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर भी गहरी चिंता जताई। रणधीर जायसवाल ने मैमनसिंह शहर में हाल ही में एक हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरिम सरकार के कार्यकाल में स्वतंत्र स्रोतों के अनुसार अल्पसंख्यकों के खिलाफ 2,900 से अधिक हिंसक घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें हत्या, आगजनी और जमीन हड़पने जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।

भारत ने स्पष्ट किया है कि वह क्षेत्र में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और मानवाधिकारों की रक्षा को लेकर अपनी चिंता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed