देशभर में एक समान एंटी टेररिज्म स्क्वॉड बनाने का निर्देश, अमित शाह ने कहा आतंक के खिलाफ रहना होगा दो कदम आगे

Untitled-2

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशभर में आतंकवाद से निपटने के लिए एक समान एंटी टेररिज्म स्क्वॉड यानी एटीएस ढांचे को लागू करने का आह्वान किया है। उन्होंने सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशकों को निर्देश दिया है कि इस कॉमन एटीएस स्ट्रक्चर को जल्द से जल्द लागू किया जाए ताकि पूरे देश में आतंकवाद के खिलाफ एक जैसी तैयारी और प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। अमित शाह ने कहा कि जब पुलिस के पास एक समान ढांचा होगा तो हर स्तर पर आतंक से लड़ने की क्षमता मजबूत होगी।

नई दिल्ली में एनआईए द्वारा आयोजित दो दिवसीय एंटी टेररिज्म कॉन्फ्रेंस 2025 का उद्घाटन करते हुए गृह मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इस साझा एटीएस फ्रेमवर्क पर काफी काम किया है और इसे राज्यों के साथ साझा भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह एकरूप ढांचा पूरे देश में मानकीकृत तैयारी और जवाबी कार्रवाई की नींव बनेगा।

अमित शाह ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए देश में एक मजबूत और अभेद्य एंटी टेरर ग्रिड तैयार करना बेहद जरूरी है क्योंकि आतंकवाद का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और अब इसमें तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार संगठित अपराध के खिलाफ भी 360 डिग्री कार्रवाई की रणनीति पर काम कर रही है।

उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों से अपील की कि देश और दुनिया में हुई हर आतंकी घटना का गहराई से विश्लेषण किया जाए ताकि भारत की आतंकवाद विरोधी क्षमता और मजबूत हो सके। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और यह सम्मेलन उभरते खतरों से निपटने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

गृह मंत्री ने पहलगाम और दिल्ली ब्लास्ट मामलों की जांच को बेहतरीन उदाहरण बताते हुए कहा कि ये सामान्य पुलिसिंग नहीं बल्कि बेहद सटीक और मजबूत जांच के नमूने हैं। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए साजिश रचने वालों को और ऑपरेशन महादेव के तहत उसे अंजाम देने वालों को सुरक्षा बलों ने सजा दी, जो देश की सतर्कता और ताकत को दिखाता है।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस की भी सराहना की और कहा कि दिल्ली में जिस धमाके की साजिश रची गई थी, उसमें 40 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल होना था, जबकि इससे पहले ही करीब तीन टन विस्फोटक बरामद कर लिए गए। इस पूरी साजिश में शामिल नेटवर्क को धमाके से पहले ही पकड़ लिया गया, जो एजेंसियों की शानदार समन्वय और सतर्कता का प्रमाण है।

इस मौके पर अमित शाह ने आतंकवाद के खिलाफ बेहतरीन सेवा और योगदान के लिए नौ एनआईए अधिकारियों को सेवा पदक और वीरता पदक से सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने एनआईए की अपडेटेड क्राइम मैनुअल, ऑर्गनाइज्ड क्राइम नेटवर्क डेटाबेस और लॉस्ट एंड रिकवर्ड वेपन डेटाबेस का भी लोकार्पण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed