भारत-अमेरिका व्यापार समझौता किसानों के हित में सबसे बेहतर, अनाज पूरी तरह सुरक्षित: शिवराज सिंह चौहान

Shivraj-Chouhan
Share this post

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को राष्ट्रीय हित में सबसे बेहतर करार देते हुए कहा है कि इस समझौते में किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है। उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोवर्धन परिक्रमा के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यापार समझौता भारतीय कृषि के लिए किसी भी तरह का खतरा नहीं है, बल्कि यह किसानों, महिलाओं और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला साबित होगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि इस समझौते के जरिए देश के अन्नदाताओं के लिए प्रगति और विकास के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गेहूं और धान सहित सभी प्रमुख अनाजों को इस समझौते में पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है, जिससे घरेलू किसानों पर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं पड़ेगा। शिवराज सिंह चौहान ने दोहराया कि सरकार किसानों की आय और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की कूटनीति लगातार मजबूत हो रही है और वैश्विक स्तर पर भारत अपने हितों को मजबूती से रख रहा है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता भी इसी मजबूत और संतुलित कूटनीति का परिणाम है, जिसमें भारत के किसानों और कृषि क्षेत्र को केंद्र में रखकर फैसले किए गए हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने जोर देकर कहा कि हाल ही में हुए इस व्यापार समझौते में किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा गया है और किसी भी स्तर पर उनके नुकसान की आशंका नहीं है। उन्होंने इसे भारतीय कृषि के भविष्य के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे देश के किसान आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगे और वैश्विक अवसरों का लाभ उठा पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *