मिजोरम और असम के बीच नई रेल सेवा शुरू, सेरांग–सिलचर ट्रेन को मिली हरी झंडी

d
Share this post

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मिजोरम के सेरांग और असम के सिलचर को जोड़ने वाली नई रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से मिजोरम और असम के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा और यात्रियों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। यह ट्रेन सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी, जिससे दोनों राज्यों के बीच आर्थिक और सामाजिक जुड़ाव को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेल मंत्री ने इस अवसर पर गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आतिथ्य सेवा का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रेलवे पूर्वोत्तर भारत में कनेक्टिविटी बढ़ाने और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है।

नई रेलगाड़ी सिलचर से मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। यह ट्रेन दोपहर एक बजे सिलचर से रवाना होकर शाम साढ़े छह बजे मिजोरम के सेरांग पहुंचेगी। वहीं वापसी यात्रा में यह ट्रेन सेरांग से सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को सुबह सात बजे चलकर दोपहर साढ़े बारह बजे सिलचर पहुंचेगी। इस समय सारिणी को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक्ट ईस्ट नीति के तहत मिजोरम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में तेज़ी से विकास हो रहा है और विकसित भारत की यात्रा में किसी भी राज्य या क्षेत्र को पीछे नहीं छोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नई रेल सेवा को मिजोरम के विकास और मुख्यधारा से जुड़ाव की दिशा में एक अहम कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *