भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया, टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त

भारत ने विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 48 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त बना ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए 7 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की शुरुआत खराब रही और महज 27 रन पर दो विकेट गिर गए, लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाल लिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 99 रन की तेज साझेदारी हुई, जिससे टीम का स्कोर 126 रन तक पहुंच गया। सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों में एक छक्का और चार चौकों की मदद से 32 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में 35 गेंदों में आठ छक्के और पांच चौके लगाते हुए 84 रन की शानदार पारी खेली।
इसके बाद हार्दिक पंड्या ने 25 रन जोड़कर रन गति को बनाए रखा और अंत में रिंकू सिंह ने नाबाद 44 रन की तूफानी पारी खेलते हुए भारतीय स्कोर को 238 तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और काइल जैमीसन ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पारी की दूसरी ही गेंद पर डेवोन कॉन्वे बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद रचिन रवींद्र भी जल्द पवेलियन लौट गए। तीसरे विकेट के लिए ग्लेन फिलिप्स और टिम रॉबिनसन ने कुछ देर संघर्ष किया और 30 गेंदों में 51 रन जोड़े, लेकिन टीम लगातार विकेट गंवाती रही।
ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में छह छक्कों और चार चौकों की मदद से 78 रन बनाए और मार्क चैपमैन के साथ मिलकर स्कोर को 131 रन तक पहुंचाया। हालांकि, जरूरी रन गति बढ़ती चली गई और न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट पर 190 रन ही बना सकी। भारत की गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज की मजबूत शुरुआत की है और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ गई है।
