iQOO 15: दमदार फीचर्स के साथ मिलेगा नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन

iQOO अपना अगला फ्लैगशिप स्मार्टफोन iQOO 15 चीन में अक्टूबर में लॉन्च करने जा रही है। यह मौजूदा iQOO 13 का सक्सेसर होगा। कंपनी पहले ही इसके डिजाइन और कुछ स्पेसिफिकेशन्स की झलक दिखा चुकी है। अब इस फोन की लाइव इमेजेस भी सामने आई हैं, जिनमें कैमरा सेंसर, IP रेटिंग और हीट मैनेजमेंट सिस्टम जैसी जानकारियां मिली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन नवंबर या दिसंबर तक भारत में भी पेश किया जा सकता है।
डिजाइन और डिस्प्ले
लीक हुई तस्वीरों में iQOO 15 सफेद रंग में दिखाई दिया है। बैक पैनल के टॉप-लेफ्ट में ‘सक्वॉर्कल’ कैमरा मॉड्यूल मौजूद है। सामने की ओर फोन में फ्लैट डिस्प्ले दिया गया है, जिसके बेज़ल्स बेहद स्लिम और यूनिफॉर्म हैं। डिस्प्ले के टॉप-सेंटर में फ्रंट कैमरा के लिए होल-पंच स्लॉट मौजूद है।
इसमें 6.85-इंच 2K 8T LTPO Samsung ‘Everest’ डिस्प्ले होगा, जो 144Hz रिफ्रेश रेट, 6,000 निट्स पीक लोकल ब्राइटनेस और 2,600 निट्स फुल-स्क्रीन ब्राइटनेस सपोर्ट करेगा।
कैमरा और सिक्योरिटी
iQOO 15 के रियर पैनल पर तीन 50-मेगापिक्सल कैमरा सेंसर दिए जाने की उम्मीद है। इनमें से एक टेलीफोटो लेंस होगा, जो 5x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करेगा। सिक्योरिटी के लिए इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर मिलने की संभावना है।
परफॉर्मेंस
कंपनी पहले ही कन्फर्म कर चुकी है कि यह फोन नवीनतम Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर और नए Q3 गेमिंग चिप के साथ आएगा, जो परफॉर्मेंस और गेमिंग एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाएगा।
