एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में ईशा सिंह का शानदार प्रदर्शन, 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता स्वर्ण
भारत की युवा निशानेबाज़ ईशा सिंह ने एशियाई निशानेबाज़ी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। नई दिल्ली में आयोजित फाइनल मुकाबले में ईशा ने कड़े मुकाबले में चेंग येन-चिंग और यू ऐ-वेन को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। फाइनल में एक समय पिछड़ने के बावजूद ईशा ने जबरदस्त वापसी की और 239.8 अंक जुटाकर अपना दूसरा सीनियर एशियाई चैंपियनशिप स्वर्ण पदक जीत लिया।
इस मुकाबले में चेंग येन-चिंग ने 235.4 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि यू ऐ-वेन 217.7 अंकों के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। ईशा सिंह की इस जीत ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय निशानेबाज़ी की मजबूती को साबित किया।
ईशा सिंह का प्रदर्शन यहीं तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने मनु भाकर और सुरुचि सिंह के साथ मिलकर महिला टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत को एक और बड़ी सफलता दिलाई। इस टीम स्पर्धा में वियतनाम को रजत और चीनी ताइपे को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
पुरुष वर्ग में भी भारत को पदक मिला, जहां सम्राट राणा ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। भारतीय निशानेबाज़ों के इस शानदार प्रदर्शन से चैंपियनशिप में भारत की स्थिति और मजबूत हुई है और आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए उत्साह बढ़ा है।
