आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक शुरू, ब्याज दरों पर फैसला होगा
भारतीय रिजर्व बैंक की छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति की द्वैमासिक बैठक मंगलवार से शुरू हो गई है। इस बैठक की अध्यक्षता आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा कर रहे हैं और इसमें मौजूदा आर्थिक हालात को ध्यान में रखते हुए ब्याज दरों पर विचार किया जा रहा है। मौद्रिक नीति समिति का अहम फैसला बुधवार सुबह घोषित किया जाएगा।
अर्थशास्त्रियों और बाजार विशेषज्ञों की मानें तो इस बार केंद्रीय बैंक के ब्याज दरों में कोई बदलाव करने की संभावना कम है। उनका कहना है कि आरबीआई पहले ही 2025 की शुरुआत से अब तक रेपो रेट में कुल 125 बेसिस प्वाइंट की कटौती कर चुका है, जिसका असर अर्थव्यवस्था पर धीरे-धीरे दिख रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा समय में महंगाई दर भी आरबीआई के तय 4 प्रतिशत के लक्ष्य से काफी नीचे बनी हुई है। ऐसे में केंद्रीय बैंक के लिए नीतिगत रुख में बड़ा बदलाव करने की तत्काल जरूरत नहीं दिखती। माना जा रहा है कि आरबीआई आर्थिक स्थिरता को बनाए रखते हुए भविष्य की चुनौतियों पर नजर रखना चाहता है।
ब्याज दरों पर होने वाले इस फैसले का असर शेयर बाजार, बैंकिंग सेक्टर, कर्ज और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। इसलिए निवेशकों और कारोबार जगत की निगाहें आरबीआई की नीति घोषणा पर टिकी हुई हैं।
