68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप: किरण अंकुश जाधव ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता स्वर्ण, अर्जुन बबूता को रजत
भोपाल स्थित एमपी स्टेट शूटिंग अकादमी में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में नौसेना के निशानेबाज किरण अंकुश जाधव ने शानदार और लगातार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर राइफल पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जाधव ने फाइनल में 252.1 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
ओलंपियन अर्जुन बबूता ने कड़ी टक्कर देते हुए 251.4 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि मौजूदा 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन राष्ट्रीय चैंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 229.8 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल कर पोडियम पूरा किया।
वहीं, 10 मीटर एयर राइफल पुरुष जूनियर वर्ग में गुजरात के मोहम्मद मुरतज़ा वानिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 254.3 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। पश्चिम बंगाल के अभिनव शॉ ने 251.6 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि कर्नाटक के ओंकार विकास वाघमारे ने 230.1 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
युवा वर्ग (यूथ) में भी ओंकार विकास वाघमारे ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 250 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने अंतिम शॉट्स में बढ़त बनाते हुए अपने राज्य के ही नारायण प्रणव को 0.3 अंक से पीछे छोड़ दिया, जिन्हें रजत पदक मिला। तमिलनाडु के शक्तिवेल सेंथिवेल ने 229.5 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
