देश में एलपीजी सप्लाई सामान्य, दो दिन में 97 लाख से ज्यादा सिलेंडर डिलीवरी

Untitled-3

देश में घरेलू एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और सरकार ने साफ किया है कि किसी भी स्तर पर गैस की कमी जैसी स्थिति नहीं बनी है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार पिछले दो दिनों में करीब 87.66 लाख बुकिंग के मुकाबले 97 लाख से ज्यादा घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी की गई है। यह आंकड़ा बताता है कि मांग बढ़ने के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से काम कर रही है।

मंत्रालय ने कहा कि रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग अब लगभग 99 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जो उपभोक्ताओं के बीच डिजिटल सिस्टम पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। डिलीवरी के दौरान रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए ऑथेंटिकेशन कोड के आधार पर करीब 95 प्रतिशत सिलेंडर पहुंचाए जा रहे हैं। इससे डिस्ट्रीब्यूटर स्तर पर होने वाली गड़बड़ियों और गैस की हेराफेरी पर काफी हद तक रोक लगी है।

पश्चिम एशिया में बने हालात के कारण आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव जरूर महसूस किया गया, लेकिन मंत्रालय के मुताबिक देश के किसी भी रिटेल गैस एजेंसी पर स्टॉक खत्म होने की स्थिति सामने नहीं आई है। सरकार ने यह भी बताया कि पिछले दो दिनों में करीब 1.11 लाख छोटे 5 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर भी बेचे गए हैं। शहरी इलाकों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों और सीमित उपयोग वाले उपभोक्ताओं के लिए छोटे सिलेंडरों को बढ़ावा देने के लिए देशभर में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

3 अप्रैल से अब तक सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने 10,700 से अधिक जागरूकता शिविर लगाए हैं। इन शिविरों में लोगों को छोटे सिलेंडर के फायदे, सुरक्षित उपयोग और डिजिटल बुकिंग प्रणाली के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही कमर्शियल एलपीजी बिक्री को व्यवस्थित रखने के लिए आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति राज्य सरकारों और उद्योग संगठनों के साथ लगातार समन्वय कर रही है।

पीएनजी कनेक्शन के मोर्चे पर भी प्रगति दर्ज की गई है। लगभग 6.5 लाख कनेक्शनों में गैस सप्लाई शुरू हो चुकी है, जबकि 2.66 लाख अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार है। इस तरह कुल पीएनजी कनेक्शन 9.16 लाख तक पहुंच गए हैं। नए कनेक्शन के लिए 7.08 लाख उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है, जो इस नेटवर्क के तेजी से विस्तार को दिखाता है।

सरकार ने यह भी बताया कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में लगातार छापेमारी की जा रही है। गुरुवार को 2,000 से अधिक जगहों पर कार्रवाई हुई। अब तक 378 डिस्ट्रीब्यूटरों पर जुर्माना लगाया जा चुका है और 76 गैस एजेंसियों को निलंबित भी किया गया है। इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें स्थिर बनी हुई हैं और सरकारी तेल कंपनियों के पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *