महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में महायुति की बड़ी जीत, पीएम मोदी बोले- जनता ने सुशासन पर लगाई मुहर

महाराष्ट्र में ‘मिनी विधानसभा’ माने जाने वाले नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य के 29 में से अधिकांश नगर निगमों में महायुति ने बढ़त हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की जनता का आभार जताते हुए खुशी व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र की ऊर्जावान जनता ने एनडीए के जनहितैषी और सुशासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों के नतीजे यह साफ दर्शाते हैं कि महाराष्ट्र की जनता और एनडीए के बीच रिश्ता और गहरा हुआ है। विकास को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली और दूरदर्शी सोच को लोगों ने पसंद किया है। यह जनादेश प्रगति को नई गति देने और राज्य की गौरवशाली संस्कृति का उत्सव मनाने का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने एनडीए कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उन सभी कार्यकर्ताओं पर गर्व है, जिन्होंने पूरे महाराष्ट्र में जनता के बीच अथक मेहनत की। उन्होंने सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया, भविष्य की योजनाओं को सामने रखा और विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रम का प्रभावी ढंग से जवाब दिया। प्रधानमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में महायुति गठबंधन की प्रचंड जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा और शिवसेना की यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है। जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम और सभी कार्यकर्ताओं को इस जीत के लिए बधाई दी और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की प्रचंड जीत यह साबित करती है कि देशभर की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की विकासनीति पर अटूट बना हुआ है।
