राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में ‘मातृ संस्कार समागम’, सप्त मातृशक्ति सम्मान से विभूतियों का अभिनंदन
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में विश्वमांगल्य सभा के तत्वावधान में आयोजित ‘मातृ संस्कार समागम’ कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में समाज में मातृशक्ति की भूमिका, पारिवारिक संस्कारों के महत्व और सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सप्त मातृशक्ति सम्मान के अंतर्गत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में ममता राणा, ममता रावत, शैला बृजनाथ, साध्वी कमलेश भारती, राजरानी अग्रवाल, मन्जू टम्टा और कविता मलासी शामिल रहीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में मातृशक्ति की भूमिका निर्णायक होती है। भारतीय संस्कृति में माता को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है और परिवार की धुरी के रूप में मातृशक्ति के सशक्त होने से समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त होते हैं। मातृशक्ति और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए विश्वमांगल्य सभा के सतत प्रयासों की सराहना भी की गई।
बताया गया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर इस प्रकार के आयोजन विशेष महत्व रखते हैं और यह समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के पुनर्जागरण को नई दिशा देने का कार्य करेंगे। वक्ताओं ने यह भी कहा कि ऐसे कार्यक्रम सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं और नई पीढ़ी को संस्कार, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करते हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और समाजसेवी उपस्थित रहे।
